छत्तीसगढ़ / नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष/चेयरमैन एम. डी. शर्मा के निर्देशन में देशभर में चलाए जा रहे पत्रकार हितों के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मनीष तिवारी की अध्यक्षता में बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में पत्रकारों, कलमकारों एवं मीडिया कर्मियों ने पत्रकार सुरक्षा एवं सम्मान की मांग को लेकर जिलाधिकारी बिलासपुर के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार को संबोधित 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के समय बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे पत्रकारों को सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण प्रदान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ज्ञापन में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, स्वास्थ्य बीमा एवं विशेष पत्रकार स्वास्थ्य कार्ड, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजना, जीवन एवं दुर्घटना बीमा, फर्जी मुकदमों एवं उत्पीड़न पर रोक, राष्ट्रीय मीडिया आयोग के गठन तथा सरकारी विज्ञापनों के समान एवं पारदर्शी वितरण सहित 7 प्रमुख मांगों को शामिल किया गया।
संगठन के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मनीष तिवारी ने कहा कि यदि सरकार पत्रकार हितों की इन संवैधानिक एवं न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो नेशनल मीडिया प्रेस क्लब देशव्यापी आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लगातार संघर्ष करता रहेगा।

ज्ञापन के समय आए हुए कई वरिष्ठ पत्रकारों की इस संवैधानिक मांगो में सहभागिता निभाते हुए कहा कि पत्रकारों की सभी संवैधानिक मांगे सही है इन्हें लागू कराने में अधिवक्तागण लीगली तरीके से उनके साथ है और इस संघर्ष की लड़ाई में नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के साथ बराबर खड़े रहेंगे और उनका अधिकार दिलाने में पूर्ण सहयोग करेंगे।
ज्ञापन प्राप्त करने के उपरांत प्रशासन की ओर से जिला टीम को आश्वस्त किया गया कि उक्त मांगों को नियमानुसार भारत सरकार तक प्रेषित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने पत्रकार एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। ज्ञापन में भारी संख्या में पदाधिकारी, पत्रकार एवं अधिवक्तागण रहे उपस्थित।
